
सर्दियों के मौसम में खुली धूप में बैठ कर चाय और पकौड़े खाने का मज़ा ही कुछ अलग है. अगर आप सर्दियों को और अच्छे से एन्जॉय करना चाहते हैं, तो कहीं घूमने का प्लान जरूर बनाएं. इस मौसम में घूमने के लिए क्यों न आप ऐसी जगह का चयन करें जहाँ हमेशा ठंडी ही रहती है. ऐसी जगहों पर सर्दियों में ज्यादातर बर्फ़बारी होती है. जिससे यहां का नज़ारा और भी सुन्दर नज़र आने लगता हैं।
कश्मीर: अगर धरती पर कहीं स्वर्ग है, तो कश्मीर ही है. और यह सच है कि धरती पर अगर जन्नत का नज़ारा देखना हो तो कश्मीर से सुन्दर और कुछ भी नहीं. इसलिए कश्मीर हमारे विंटर हॉलिडे डेस्टिनेशन की लिस्ट में भी सबसे ऊपर है. यहां बर्फ से ढकी वादियां देख कर आप ऐसा महसूस करेंगे कि जैसे यह पूरी घाटी रूई से ढकी हुई हो. इसके अलावा यहां अल्पाइन के पेड़, झरने और खूबसूरत रंग बिरंगे फूल आपका मन मोह लेंगे.
ऑली: ऑली उत्तराखण्ड के गढ़वाल क्षेत्र में स्थित है. यह 5-7 किमी. में फैला छोटा सा स्की रिसोर्ट है. कश्मीर में गुलमर्ग व उत्तरांचल में ऑली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ स्कीइंग के लिए भी खास लोकप्रिय है.
कुल्लू मनाली: कुल्लू मनाली हिमाचल प्रदेश के उत्तर में स्थित है. कुल्लू मनाली समुद्र तल से 2050 मीटर की ऊंचाई पर है. उत्तर भारत का यह काफी लोकप्रिय हनीमून डेस्टिनेशन भी है. “वैली ऑफ गॉड्स” के नाम से जाना जाने वाला मनाली एडवेंचर लवर्स के लिए एक बेहतरीन जगह है.
राजस्थान: सर्दियों में राजस्थान घूमने की बात ही कुछ और है. उत्तरी भारत की और जगहों की तरह ही राजस्थान में भी अच्छी ठंड का अनुभव होता है, पर यह ठंड दुनिया के पश्चिमी प्रदेशों के मुक़ाबले थोड़ी हल्की होती है. इस जगह की ख़ासियत है यहां के प्राचीन क़िले, जो यहां ‘गढ़’ के नाम से भी प्रसिद्ध हैं. राजस्थान की विभिन्न जगहों की कला, सांस्कृतिक धरोहर और लोकनृत्य काफ़ी मनोहर हैं.
अंडमान: एक ऐसा हालिडे जो सुकून और शांति से भरा हो, आम तौर पर लोगों की ख़ास पसंद होता है. कुछ ऐसा ही अनुभव करना हो तो निकल जाइए अंडमान की सैर पर. अंडमान एक छोटा-सा द्वीप है, यह सैलानियों के लिए आकर्षण का बहुत बड़ा केंद्र है. ट्राइबल कल्चर को नजदीक से जानने के लिए इससे अच्छी जगह और कोई नहीं हो सकती. जाड़ों का समय इस जगह से समुद्री दुनिया को देखने का सबसे सही समय है.

नैनीताल: हिमालय की गोद में बसा नैनीताल समुद्र तल से तकरीबन 2000 मीटर की ऊंचाई पर है. इस ऊंचाई के कारण ही यहां का तापमान सालभर लगभग थोड़ा ठंडा ही रहता है. अगर आप बर्फ़ से ढकी चोटियां देखना चाहते हैं और सर्दियों का सुखद अनुभव करना चाहते हैं तो नैनीताल एक बेमिसाल जगह है.
